अरावली विहार थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर ने अपने दोस्त पर ठगी का आरोप लगाया है। दोस्त पर रिवॉर्ड और फायदे का झांसा देकर उसके और परिवार के सदस्यों के क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने और करीब 15.21 लाख रुपए की रकम अपने काम में लेने का आरोप लगाया है। काला कुआं निवासी डॉक्टर अभिषेक शर्मा ने अरावली विहार थाने में 24 सितंबर को शिकायत दी है। अभिषेक ने बताया कि वह फिलहाल इंटर्नशिप कर रहे हैं। आरोपी हेमन्त गुप्ता उसका दोस्त है और जीन ऑनलाइन सैलर के नाम से फर्म बनाकर मोबाइल का काम करता है। दोनों की दोस्ती का फायदा उठाकर हेमन्त ने उसे बताया कि वह क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल अपने काम में करेगा और इससे अभिषेक को भी फायदा मिलेगा। आरोपी ने क्रेडिट कार्ड से किए जाने वाले लेन-देन के बदले रिवॉर्ड आदि मिलने का झांसा दिया। इस पर अभिषेक ने अपने साथ पिता और चाचा के क्रेडिट कार्ड भी हेमन्त को इस्तेमाल करने के लिए दिए थे। समय पर भुगतान से भरोसा बना रहा शिकायत के अनुसार, शुरुआत में हेमंत कई साल तक क्रेडिट कार्ड की रकम का बैंक में समय पर भुगतान करता रहा। इससे अभिषेक को उस पर भरोसा बना रहा। आरोप है कि वर्ष 2026 में हेमन्त ने क्रेडिट कार्ड की बकाया रकम का भुगतान करना बंद कर दिया और कार्डों पर इस्तेमाल की गई रकम को अपने निजी काम में लगा लिया। 15.21 लाख रुपए खुद के काम में लिए अभिषेक के अनुसार, एसबीआई के चार क्रेडिट कार्ड से करीब 4.25 लाख रुपए, आईसीआईसीआई के कार्ड से 6.30 लाख रुपए, एचडीएफसी के दो कार्ड से 3.46 लाख रुपए और इंडसइंड बैंक के कार्ड से 1.20 लाख रुपए के इस्तेमाल का आरोप है। इन सभी को मिलाकर रकम करीब 15.21 लाख रुपए है। पता चलने पर भुगतान का भरोसा दिलाया रकम वापस मांगने पर हेमन्त ने अपनी आर्थिक स्थिति खराब होने की बात कहते हुए धीरे-धीरे भुगतान करने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। अभिषेक का आरोप है कि हेमन्त पिछले करीब चार महीने से अपने घर पर ताला लगाकर परिवार के साथ कहीं चला गया है। उसके तीन मोबाइल नंबर भी बंद बताए गए हैं। पहले भी डेढ़ लाख दे चुके डॉक्टर अभिषेक ने शिकायत में यह भी बताया कि हेमन्त की मेडिकल इमरजेंसी के दौरान उसने अपने नाम पर 1.50 लाख रुपए का लोन लिया था और पूरी रकम हेमन्त के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर की थी। इसमें से भी करीब 60 हजार रुपए वापस नहीं करने का आरोप है। वहीं क्रेडिट कार्ड की बकाया रकम के चलते अभिषेक अब तक करीब 4.50 लाख रुपए बैंक को भुगतान कर चुका है। अभिषेक ने पुलिस से शिकायत दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।