अलवर के बड़ौदामेव में गुरुवार सुबह 10 बजे थाने के सामने युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। बड़ा वास निवासी सेकून खान (40) पुत्र नसरू खान बाइक का टायर खरीदने बाजार आया था। अपने गांव के नूर मोहम्मद को बैंक में छोड़कर थाने के सामने से निकल रहा था। इसी दौरान हर्ष मूर्तिकार आया और बाइक सवार सेकून को नीचे गिरा दिया और उसके सिर पर सड़क पर पड़े पत्थर से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को तुरंत पकड़ लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से कमजोर है। हत्या से गुस्साए लोग अलवर जिला हॉस्पिटल और बड़ौदामेव थाने के सामने प्रदर्शन करने लगे। अलवर-भरतपुर रोड पर भी जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी बड़ौदामेव थाने के SHO को सस्पेंड करने और मृतक आश्रितों को मुआवजा देने की मांग करने लगे। इस दौरान लोगों ने पुलिस से धक्का-मुक्की की। दिनभर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत का दौर चला, लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बन पाई। आखिरकार रात 9 बजे सहमति बन गई। इसके बाद अलवर शहर और बड़ौदामेव में चल रहा धरना खत्म हो गया। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच करने का भरोसा दिलाया। साथ ही कोई पुलिसकर्मी दोषी है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन ने मृतक के परिवार को योजनाओं के तहत मुआवजा देने की बात कही। सेकून के तीन बच्चे हैं और वह खेती करता था। पहले देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS… हत्याकांड से जुड़े अपडेट्स… पूर्व विधायक धरने पर बैठीं, टंकी पर चढ़े युवक: हत्या के विरोध में रामगढ़ की पूर्व विधायक सफिया जुबेर खान भी लोगों के साथ धरने पर बैठ गईं। भीम आर्मी के कार्यकर्ता संजय प्रधान और अनिल जोनवाल वन मंत्री संजय शर्मा के घर के सामने पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। पुलिस की समझाइश के बाद वे नीचे उतर गए। SIT गठित करने की मांग: सर्व एकता समिति के प्रदेश अध्यक्ष शब्बीर खान ने मामले में तुरंत SIT गठित करने की मांग की। मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सभी सरकारी योजनाओं में परिजनों को लाभ दिलाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं होने तक धरना नहीं उठाया जाएगा। आरोपी मानसिक रूप से कमजोर: ASP ग्रामीण प्रियंका रघुवंशी ने बताया- आरोपी को तुरंत पकड़ लिया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से कमजोर है। जांच के बाद उसकी मानसिक हालत का पता चलेगा। आरोपी बड़ौदामेव का ही रहने वाला है, लेकिन काफी सालों से यहां रह नहीं रहा था। कुछ दिन पहले ही वापस आया था। उसका अपने पिता से भी झगड़ा हुआ था। … पल-पल के अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…