अलवर कॉपरेटिव बैंक के बानसूर-नारायणपुर डायरेक्टर पद के लिए मंगलवार को चुनाव हुए। इसमें बानसूर के उद्योगाबास निवासी रमेश चंद यादव ने जीत दर्ज की। रमेश यादव को कुल 47 में से 24 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी लक्ष्मीनारायण गुर्जर को 23 वोट मिले। इस तरह रमेश यादव ने सिर्फ एक वोट के अंतर से यह चुनाव जीता। भरोसे और सहयोग की जीत बताया रमेश चंद यादव के डायरेक्टर चुने जाने के बाद गुरुवार को बानसूर में उनके समर्थकों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर उन्हें जीत की बधाई दी। समर्थकों ने उम्मीद जताई कि रमेश यादव के डायरेक्टर बनने से बानसूर-नारायणपुर क्षेत्र के सहकारी बैंक से जुड़े लोगों की समस्याओं को सही मंच मिलेगा। इस मौके पर नए डायरेक्टर रमेश चंद यादव ने कहा कि यह जीत क्षेत्र के लोगों के भरोसे और सहयोग की जीत है। उन्होंने बताया कि सहकारी बैंक से जुड़े किसानों, ग्रामीणों और अन्य सदस्यों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। साथ ही, बैंक की योजनाओं और सुविधाओं का फायदा ज्यादा से ज्यादा योग्य लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।