अलवर शहर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र स्थित क्रॉस पॉइंट मॉल में 20 दिन में दूसरी बार चोरी हो गई। मॉल की सेकंड फ्लोर स्थित एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान का ताला तोड़कर चोर करीब 22 हजार रुपए के कपड़े और करीब 9 हजार की नकदी ले गए। घटना के समय मौके से गार्ड भी गायब था। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। पीड़ित दुकानदार रवि कुमार ने बताया- वह रोजाना की तरह गुरुवार रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे। घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद मॉल के गार्ड का फोन आया कि दुकान का लॉक खुला हुआ है। सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचा तो देखा कि ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर संभालने पर गल्ले में रखी नकदी और कई महंगे कपड़े गायब मिले। कुछ दिन पहले भी हुई थी चोरी, सुरक्षा राम भरोसे पीड़ित रवि कुमार का आरोप है कि मॉल में लगातार सुरक्षा में लापरवाही बरती जा रही है। कुछ दिनों पहले भी इसी सेकंड फ्लोर पर दूसरी दुकान में चोरी की वारदात हो चुकी है। बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद मॉल प्रबंधन सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। वारदात के समय भी मौके पर कोई गार्ड मौजूद नहीं था। शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस मॉल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।