राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर के न्यायधीश भुवन गोयल के अलवर स्थित घर को चोरों ने दिनदहाड़े निशाना बना लिया। चोर जज के आर्यनगर स्थित मकान के जंगले, दरवाजे का कुंडा और छत पर जाने वाले जीने का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे। चोर घर से पीतल के कीमती बर्तन, नगदी और अन्य सामान ले गए। चोर मकान में केयर-टेकर के तौर पर रहने वाले एडवोकेट जगदीश सैनी का आधार कार्ड भी चुरा ले गए। घर के ताले टूटे मिले, सामान बिखरा पड़ा शिकायतकर्ता एडवोकेट जगदीश सैनी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि वह राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर के जज भुवन गोयल के पिता स्वर्गीय बाबूलाल गोयल एडवोकेट के साथ 2009 से वकालत कर रहे हैं। उनके निधन के बाद से वे गोयल परिवार के ऑफिस और घर की देखरेख भी करते हैं। जज भुवन गोयल जयपुर में रहते हैं। वह समय-समय पर अपनी मां के साथ अलवर स्थित घर की सार-संभाल के लिए आते रहते हैं। जगदीश सैनी ने बताया कि वह सुबह-शाम ऑफिस में बैठते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 22 सितंबर की सुबह केयरटेकर व एडवोकेट जगदीश सैनी कोर्ट स्थित ऑफिस चले गए। शाम करीब 4 बजे जब वे वापस घर पहुंचे तो सब कुछ अस्त-व्यस्त पड़ा था। घर के जंगले, दरवाजे का कुंडा और ऊपर जीने के दरवाजे का कुंडा टूटा पड़ा था। चोर इसी रास्ते अंदर घुसे थे। शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध आरोपी की साफ तस्वीर मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ा, शाम तक खुलासा करने की बात कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश चंद ने बताया कि एक चोर को डिटेन कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और शाम तक चोरी की वारदात का खुलासा करने की बात कही गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी किए गए सामान और नकदी की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और आरोपी ने मकान की रेकी कब की थी। --- ये खबर भी पढ़ें अलवर में दिनदहाड़े सूने मकान से लाखों के जेवर चोरी:पुश्तैनी घर में रखे थे दो बहनों के 25 तोला सोने और डेढ़ किलो चांदी के गहने अलवर में दिनदहाड़े चोरों ने सूने मकान से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी की वारदात तो अंजाम दिया। चोर चैनल गेट के ताले तोड़कर घर के अंदर घुसे, फिर घर के अंदर अलमारियों के ताले तोड़कर करीब 25 तोला सोने और डेढ़ किलो चांदी के जेवर समेत अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। (पूरी खबर पढ़ें)