अलवर कृषि उपज मंडी में बाजरे की आवक तेज हो गई है। इन दिनों मंडी में रोजाना करीब 20 से 25 हजार कट्टे बाजरा पहुंच रहा है। आवक बढ़ने के साथ बाजरे के भाव में भी तेजी बनी हुई है। मंडी व्यापारी रामावतार गुप्ता के अनुसार, वर्तमान में बाजरे के भाव 2,000 से 2,200 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। कुछ समय पहले बाजरे के भाव करीब 1,800 रुपए प्रति क्विंटल थे। इस तरह भाव में करीब 200 से 400 रुपए प्रति क्विंटल तक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं गुजरात से आने वाले उच्च गुणवत्ता वाले बाजरे के भाव करीब 2,350 रुपए प्रति क्विंटल चल रहे हैं। सरसों 150 रुपए और चना 600 रुपए तेज मंडी में बाजरे के साथ अन्य प्रमुख कृषि जिंसों के भाव में भी तेजी देखने को मिली है। सरसों के भाव में करीब 150 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। सरसों अब 8,150 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रही है। वहीं चने के भाव में करीब 600 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई है। चना वर्तमान में 6,750 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। कपास में 800 रुपए की तेजी, गेहूं स्थिर कपास के भाव में भी तेजी आई है। इसके भाव में करीब 800 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है और अब कपास 8,800 से 8,900 रुपए प्रति क्विंटल के भाव बिक रही है। दूसरी ओर गेहूं के भाव में फिलहाल कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। गेहूं 2,600 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर बना हुआ है।