अलवर शहर के थाना इलाके में 15 साल की नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि लड़की 19 सितंबर की शाम घर से सब्जी लेने के लिए निकली थी। इसके बाद वापस नहीं लौटी। आस-पास, रिश्तेदारी और संभावित जगहों पर काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार- 24 सितंबर की रात रिश्तेदारों के जरिए उन्हें जानकारी मिली कि नाबालिग की सोशल मीडिया पर किसी युवक के साथ फोटो और स्टोरी दिखाई दे रही है। इसके बाद परिवार ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट पर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। परिजनों ने रिपोर्ट में आशंका जताई है कि कोई व्यक्ति लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए उसे जल्द वापस लाने की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।