अलवर में 11वीं कक्षा की 3 नाबालिग छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया है। तीनों सहेलियां अपने-अपने घरों से सुबह स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी सुराग न मिलने पर परिजनों ने थाने में मुकदामा दर्ज कराया है। घटना 8 सितंबर मंगलवार सुबह की है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, तीनों छात्राएं स्कूल में पढ़ती हैं। और 8 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे तीनों छात्राएं हमेशा की तरह स्कूल के लिए निकली थीं। जब दोपहर तक वे घर नहीं पहुंचीं, तो परिजनों ने एक-दूसरे से संपर्क किया और स्कूल प्रबंधन से जानकारी ली। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन छात्राओं का कोई पता नहीं चला। अपहरण का मामला दर्ज घटना के संबंध में परिजनों ने कोतवाली पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत किडनैपिंग का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक (ASI) रामनिवास को सौंपी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्राओं की तलाश शुरू कर दी है। स्कूल के आसपास और शहर के प्रमुख रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि छात्राओं की आवाजाही की दिशा का पता लगाया जा सके।