शहर की सरकार (नगर निकाय चुनाव) बनने के बाद अब गांव की सरकार चुनने की बारी हैं और गांव के मुखिया से लेकर प्रधान और जिला प्रमुख बनने के लिए नेता पूरी ताकत लगा रहे हैं। जिले में 12 प्रधान और 1 जिला प्रमुख और 390 सरपंच बनेंगे। सबसे बड़े जिला प्रमुख पद पर बड़े नेताओं की नजर है। वे अपने परिवार की महिला के नाम से राज करने के लिए पूरे जोड़ तोड़ में लग गए हैं। जिला प्रमुख की कुर्सी पाने के लिए सरस डेयरी के पूर्व चेयमैन बन्नाराम मीणा ने अपनी पत्नी संतोष मीणा को स्कूल व्याख्याता के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृति दिला दी है। नगर परिषद अलवर में नेता प्रतिपक्ष रहे नरेंद्र मीणा अपनी पत्नी को बडौदामेव से चुनाव लड़ाने की तैयारी में हैं। प्रतापगढ़ में सरपंच को खुद की ग्राम पंचायत एससी रिजर्व होने की पूर्व आशंका के चलते दूसरी ग्राम पंचायत में भाई और भाभी का नाम जुड़वा लिया। इस तरह नेता गांव की सरकार के मुखिया बनने के लिए हर जतन कर रहे हैं। यह सब चुनाव के शुरू होने से पहले की उठापटक है। पूर्व चेयरमैन बन्नाराम मीणा की पत्नी संतोष मीणा रैणी से लड़ेंगी चुनाव। अलवर सरस डेयरी के पूर्व चेयरमैन रहे बन्नाराम मीणा की पत्नी संतोष मीणा स्कूल लेक्चरर हैं, जिन्होंने करीब 13 साल पहले ही स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है। बन्नाराम मीणा का मूल गांव रैणी में है, इसलिए वे रैणी से पत्नी संतोष मीणा को जिला पार्षद का चुनाव लड़ाएंगे। असल में यह जिला पार्षद की सीट ST महिला आरक्षित है, इसलिए वे जिला प्रमुख बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। पिछली बार बन्नाराम मीणा को बीजेपी ने राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र से विधानसभा चुनाव का प्रत्याशी बनाया था। प्रतापगढ़ सरपंच पर भाई-भाभी का नाम दूसरी ग्राम पंचायत में जुड़वाने का आरोप अलवर के प्रतापगढ़ ग्राम पंचायत के सरपंच कप्तान सिंह खटीक पर अपने भाई राम सिंह और भाभी कविता का नाम नवसृजित ग्राम पंचायत 'गुर्जरों का गवाड़ा' में जुड़वाने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता रमेश कोली का कहना है कि इनका गुर्जरों का गवाड़ा में कोई निवास नहीं है और मनमर्जी से मतदाता सूची में नाम जुड़वाया गया है। इसकी शिकायत फरवरी 2026 में फर्जी मूल निवास दस्तावेज पेश करने का आरोप लगाते हुए तहसीलदार प्रतापगढ़ को दी गई थी। शिकायत के बाद तहसीलदार ने 18 सितंबर को उनका मूल निवास प्रमाण पत्र खारिज कर दिया है। इसके अलावा, राज्य निर्वाचन आयोग को भी नाम हटाने के लिए शिकायत भेजी गई है। नेता प्रतिपक्ष नरेंद्र मीणा बड़ौदामेव से पत्नी को लड़ाएंगे चुनाव अलवर नगर परिषद के पूर्व पार्षद व पूर्व नेता प्रतिपक्ष नरेंद्र मीणा अपनी पत्नी को जिला पार्षद का चुनाव लड़ाने की तैयारी में हैं। वे पत्नी को बड़ौदामेव से जिला पार्षद का चुनाव लड़ाकर आगे जिला प्रमुख के पद पर दावेदारी पेश करने के प्रयास में हैं। असल में अलवर जिला प्रमुख की सीट एसटी (ST) महिला के लिए आरक्षित है।