अलवर जिले में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। वहीं कोतवाली थाना पुलिस ने कम्पनी बाग के सामने स्थित रिवाज रिसॉर्ट में जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान जेवरात से भरा बैग चोरी करने वाले आरोपी रवि सिंह, उम्र 26 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से सोने का हार, सोने की चेन, तीन सोने की गिन्नियां, चांदी की पायजेब के चार सेट, अंगूठी और चांदी के बर्तन समेत करीब 15 लाख रुपए कीमत के जेवरात बरामद किए हैं। मोबाइल व नकदी लूटने वाले 3 अरेस्ट अखैपुरा थाना पुलिस ने युवक को थार गाड़ी में डालकर ले जाने और मोबाइल व नकदी लूटने के मामले में तीन आरोपियों अमित वर्मा (18), अरुण कुमार (22), दिनेश कुमार (21) को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से थार गाड़ी, दो मोबाइल फोन और 7 हजार रुपए बरामद किए गए। स्क्रैप कारोबार का झांसा देकर की थी लूट इसके अलावा वैशाली नगर थाना पुलिस ने गुजरात के व्यापारी को सोशल मीडिया चैट के जरिए स्क्रैप कारोबार का झांसा देकर अलवर बुलाने, फिर मारपीट और हथियार के बल पर लूट करने के मामले में दो वांछित आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी मामलों में जांच जारी है।