राजस्थान में अब तक सामान्य से 21 फीसदी कम बारिश हुई है। वहीं मानसून ट्रफ के उत्तर भारत जम्मू में शिफ्ट होने के साथ ही राजस्थान में मानसून का कमजोर फेज शुरू हो गया। राज्य के कुछ जिलों को छोड़कर अधिकांश इलाकों में गुरुवार को मौसम साफ रहा। हालांकि कोटा, भरतपुर संभाग के एरिया में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो मानसून ट्रफ अभी कुछ समय उत्तर भारत में एक्टिव रहने की संभावना है। इसके चलते राजस्थान में अगले चार दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं, अगस्त में भी कई जिलों में तेज गर्मी है। श्रीगंगानगर में पारा 41 डिग्री के ऊपर बना हुआ है। प्रदेश में बारिश की स्थिति मानसून के बड़े अपडेट्स 34 मिमी बारिश: पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बरसात झालावाड़ के मनोहरथाना और बारां के छीपाबड़ौद में 34 MM दर्ज हुई। बारां, झालावाड़ के अलावा धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर में भी हल्की बारिश हुई। बीसलपुर में जलस्तर 314.10 आरएल मीटर: पिछले दिनों हुई बारिश के कारण त्रिवेणी नदी का गेज अब भी 2.40 मीटर पर बना हुआ है। इससे बीसलपुर बांध का गेज गुरुवार को भी 1 सेमी. बढ़कर 314.10 आरएल मीटर पर पहुंच गया। पारा 41 डिग्री पार: पश्चिमी हवा के प्रभाव से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, फलोदी, बीकानेर, चूरू में गर्मी तेज हो गई। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब आगे क्या? मौसम केंद्र जयपुर ने राज्य में अगले 4 दिन मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस बीच भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग के एरिया में कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश, बूंदाबांदी हो सकती है। राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल जयपुर: राजधानी में गुरुवार को दिनभर मौसम साफ रहा और दिन में हल्की धूप रही। धूप के कारण गर्मी-उमस बढ़ गई। जयपुर में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 2.2 डिग्री ऊपर दर्ज हुआ है। मौसम विभाग ने तीन-चार दिन में जयपुर में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई है। अजमेर: शहर में गुरुवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने अजमेर में गुरुवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद शहर में बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलवर: शहर में गुरुवार सुबह से कभी आसमान में बादल छाए रहे तो कभी धूप खिली। इससे दिनभर उमस और गर्मी का असर बना रहा। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उमस के कारण लोग परेशान नजर आए। उदयपुर: लेकसिटी में दिनभर मौसम सामान्य रहा। सुबह से ही धूप निकली थी और बाद में कुछ समय बादल छाए। डबोक मौसम केंद्र के अनुसार- उदयपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री से. दर्ज किया गया। कोटा: शहर में बारिश का दौर कमजोर पड़ गया है। अलर्ट के बाद भी कोटा में शाम तक बारिश नहीं हुई। हालांकि तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। शहर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पारे में उतार-चढ़ाव से गर्मी और उमस का असर बरकरार है। जोधपुर: शहर में गुरुवार मौसम साफ रहा। धूप खिली और उमस बनी रही। अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। सीकर: शहर में आज पूरे दिन मौसम साफ रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया।