अलवर जिले के अकबरपुर इलाके के नांगल पलखड़ी गांव में आवारा कुत्तों के हमले में 6 साल की बच्ची घायल हो गई। बच्ची खेत में खेल रही थी, तब ही 3 से 4 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर नोच लिया। परिजन बच्ची को तत्काल जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। बच्ची एलकेजी क्लास में पढ़ती है। खेत में खेल रही थी बच्ची बच्ची के पिता जयकम ने बताया कि उनकी बेटी जोया सुबह करीब 8 बजे घर के पीछे स्थित खेत में अकेली खेल रही थी। इस दौरान वहां पहुंचे तीन से चार आवारा कुत्तों ने उसके हाथ पर काट लिया। सीने और कमर पर निशान है। बच्ची की चीख सुनकर परिवार के लोग पहुंचे। कुत्तों को भगाकर बच्ची को छुड़ाया। इसके बाद उसे तुरंत अलवर के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके आठ टांके लगाए। आवारा कुत्तों के कारण लोग परेशान घटना के बाद गांव और आस-पास के क्षेत्र के लोगों में आवारा कुत्तों को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है, जिससे बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।