अलवर जिले में लगातार तीन दिन हुई बारिश के बाद अब मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अलवर शहर में शुक्रवार सुबह धूप खिली और मौसम सामान्य बना रहा। इससे पहले सोमवार, मंगलवार और बुधवार को लगातार बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज हुई थी और लोगों को गर्मी से पूरी तरह राहत मिली थी। गुरुवार को भी बारिश का अनुमान था, लेकिन बारिश नहीं हुई। हवा नहीं चलने के कारण दिनभर उमस भरी गर्मी रही और लोग पसीने से तरबतर नजर आए। अब शुक्रवार सुबह धूप निकलने के बाद एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार- शुक्रवार को जिले में आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। फिलहाल जिले के लिए कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। 29 से 31 अगस्त तक भी आंशिक बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। 1 सितंबर को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि 2 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है। वहीं, बारिश के आंकड़ों की बात करें तो 28 अगस्त तक अलवर में 439 मिलीमीटर बारिश सामान्य मानी जाती है, जबकि अब तक 431.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। इस तरह जिले में सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम बारिश हुई है।