अलवर में दो दिन से हो रही बारिश के बाद बुधवार को तीसरे दिन भी सुबह से शहर और जिले में घने बादल छाए हुए हैं। इससे एक बार फिर बारिश के आसार बने हुए हैं। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और मौसम ठंडा बना हुआ है। लोगों को गर्मी से पूरी तरह राहत मिली है। हालांकि, अलवर जिले को अभी और अच्छी बारिश का इंतजार है। मंगलवार को अलवर शहर में करीब 49 मिमी बारिश, यानी करीब 2 इंच पानी बरसा। इससे शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति खराब होने और नालों के चौक होने के कारण कई कॉलोनियों में पानी भर गया। जलभराव से वाहन चालकों को भी आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले में इस समय किसानों के खेतों में प्याज की बुवाई का काम चल रहा है। ऐसे में बारिश किसानों के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन खेतों में अधिक पानी भरने से नई बोई गई फसल को नुकसान की चिंता भी बनी हुई है। आज गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट मौसम विभाग के 7 दिन के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार, 26 अगस्त को अलवर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार आज न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 27 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री रहने का अनुमान है। इसके बाद 28 से 31 अगस्त तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। सामान्य से 4 प्रतिशत कम बारिश अलवर में मानसून सीजन में अब तक 412.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि तक सामान्य रूप से 430.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। यानी जिले में अब तक सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम बारिश हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से जिले की बारिश की कमी दूर होने की उम्मीद है।