अलवर में सोमवार सुबह से मौसम ठंडा बना हुआ है। धूप और बादलों की लुकाछिपी चल रही है। हालांकि ठंडी हवा चलने से गर्मी का असर भी कम है। सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। वहीं दिन में धूप निकलने पर गर्मी रहती है। मौसम के इस बदलाव के बीच आज बारिश के आसार बने हुए हैं। इससे पहले रविवार को भी अलवर में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहा। सुबह से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। दोपहर में बादल छाए रहे, जबकि शाम करीब 5 बजे के आसपास शहर सहित जिले में घने काले बादल छा गए। इसके बाद कई जगह बारिश हुई। बारिश के बाद शाम के समय तापमान में गिरावट आई और गर्मी का असर काफी कम हो गया। 28 और 29 सितंबर को बारिश की संभावना मौसम विभाग के 7 दिन के पूर्वानुमान के अनुसार- 28 और 29 सितंबर को अलवर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। दोनों दिन न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि दोनों दिन के लिए मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। इसके बाद 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 36 और न्यूनतम 24 डिग्री रह सकता है। वहीं 2 और 3 अक्टूबर को भी आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री तक पहुंच सकता है। सामान्य से 7 प्रतिशत कम बारिश अलवर में इस मानसून सीजन में अब तक 509 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि 28 सितंबर तक सामान्य बारिश 544.9 मिमी होनी चाहिए थी। इस हिसाब से जिले में अब तक सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश हुई है। आने वाले दिनों में बारिश होने पर इस कमी में कुछ सुधार हो सकता है।