जैसलमेर में आयुर्वेदिक अस्पताल के बाहर 1 दिन के नवजात का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। मिट्टी से सने क्षत-विक्षत नवजात का आधा सिर और एक हाथ गायब था। आशंका है कि उसे किसी जंगली जानवर ने नोचा है। राहगीरों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया । पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला शहर के रामगढ़ रोड इलाके का है। शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई ने बताया- बुधवार सुबह करीब 8 बजे आयुर्वेदिक अस्पताल के डॉक्टर ने फोन पर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्चा यहां कैसे आया और कौन लाया है। पहले देखें मौके की तस्वीरें… नवजात लड़का है और उसकी उम्र एक दिन है पुलिस पता लगाने में जुटी है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया था। जन्म के समय नवजात जिंदा था या मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नवजात लड़का है और उसकी उम्र एक दिन बताई जा रही है। पुलिस ने शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है । घटना की जांच के लिए पुलिस आसपास में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, नजदीकी अस्पतालों और प्रसूति केंद्रों के रिकॉर्ड भी देखे जा रहे हैं, ताकि नवजात के जन्म से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके।