भास्कर न्यूज | राजसमंद डाक विभाग ने डाक जीवन बीमा (PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) के कारोबार विस्तार के लिए डायरेक्ट एजेंट के पदों पर आवेदन मांगे हैं। राजसमंद मंडल में होने वाली भर्ती के लिए 18 से 50 वर्ष की आयु के 10वीं पास बेरोजगार और स्वरोजगार युवा आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 8 सितंबर तक अधीक्षक डाकघर, राजसमंद मंडल कार्यालय में आवेदन जमा करा सकते हैं। चयन वॉक-इन-इंटरव्यू के आधार पर होगा। पूर्व जीवन बीमा सलाहकार और एजेंट, एक्स-सर्विसमैन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला मंडल कार्यकर्ता, सेवानिवृत्त स्कूल शिक्षक, स्वयं सहायता समूह के सदस्य, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य सहित पात्र व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं। आवेदन कार्यालय अधीक्षक डाकघर, राजसमंद मंडल, राजसमंद-313324 में जमा कराने होंगे। आवेदन के बाद पात्र अभ्यर्थियों को इंटरव्यू की तारीख, समय और स्थान की सूचना अलग से दी जाएगी। डाक विभाग के अनुसार डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा में आकर्षक बीमा लाभ, बोनस और आयकर में छूट जैसे प्रावधान हैं। डायरेक्ट एजेंट के माध्यम से इन योजनाओं का विस्तार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक किया जाएगा। एजेंट नवीन पॉलिसियों के व्यवसाय के साथ पुरानी पॉलिसियों की निरंतरता बनाए रखने में भी भूमिका निभाएंगे। डाक जीवन बीमा की शुरुआत वर्ष 1884 में हुई थी। ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना 1995 में शुरू की गई थी।