अरनोद थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में 5 महीने से फरार आरोपी अफजल उर्फ भुरू को गिरफ्तार किया है। वह 10 हजार रुपए का इनामी था। अफजल नौगांवा, अरनोद का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल को नौगांवा निवासी आबिद खान के खेत में एमडी बनाने की सूचना मिली थी। दबिश में 7.387 किलो प्रतिबंधित केमिकल पाउडर और 5 ग्राम एमडी मिली थी। मौके से आबिद खान को गिरफ्तार किया गया था। जांच में अजहर और समीर की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में अफजल उर्फ भुरू का नाम भी सामने आया, जो लगातार फरार चल रहा था। पुलिस को अफजल के घर आने की सूचना मिली थी। इस पर टीम ने नौगांवा स्थित उसके घर पर दबिश दी। आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।