इन दिनों जयपुर में चर्चित वेब सीरीज ‘आश्रम-4’ की शूटिंग चल रही है। इसी के चलते बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल और चंदन रॉय सान्याल आज जयपुर के मानसरोवर स्थित प्रियंका अस्पताल पहुंचे। जयपुर की अलग-अलग लोकेशन्स पर फिल्म के सीन फिल्माए जा रहे हैं। अस्पताल में भी कुछ सीन शूट किए गए। सीरीज में बॉबी देओल बाबा निराला और चंदन रॉय सान्याल भोपा स्वामी के चर्चित किरदार निभा रहे हैं। शूटिंग को लेकर अस्पताल परिसर में फिल्म की यूनिट भी मौजूद रही। यहां बाबा निराला के आश्रम का सिक्योरिटी हेड, आश्रम के हॉस्टल की साध्वी माता और एक्ट्रेस त्रिधा चौधरी भी नजर आई। यहां देखिए शूटिंग के एक्सक्लूसिव फोटोज… बाबा निराला या भोपा स्वामी में से किसी को लगी चोट? जानकारी के मुताबिक सीरीज के घटनाक्रम में बाबा निराला और भोपा स्वामी में से किसी एक किरदार को चोट लगने का सीन दिखाया जाना है। इसी कहानी के तहत अस्पताल के एक अहम हिस्से का सेटअप तैयार कर शूटिंग की जा रही है। हालांकि मौके से यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कहानी में चोट किस किरदार को लगी है और अस्पताल वाला पूरा सीक्वेंस किस घटनाक्रम के बाद आता है। बड़ी संख्या में साधु, महात्मा पेशेंट से मिलने पहुंचे। अस्पताल में शूटिंग के दौरान दोनों कलाकार अपने किरदारों के लुक में नजर आए। बॉबी देओल बाबा निराला के अंदाज में दिखाई दिए, जबकि चंदन रॉय सान्याल भोपा स्वामी के किरदार में थे। जयपुर में लगातार शूटिंग कर रहे हैं बॉबी देओल ‘आश्रम 4’ की शूटिंग के लिए बॉबी देओल पिछले दिनों से जयपुर और आसपास के इलाकों में मौजूद हैं। इससे पहले सीरीज की शूटिंग जयपुर के आमेर क्षेत्र के खोरा बीसल गांव में भी हुई थी, जहां गांव की चौपाल को आश्रम के सेट के रूप में तैयार किया गया था। यहां बाबा निराला के किरदार में बॉबी देओल ने कई दृश्य फिल्माए थे। इस वेबसीरीज का निर्देशन प्रकाश झा कर रहे हैं।