कृषि क्षेत्र में किसानों के हित में उत्कृष्ट कार्य करने, आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने तथा जैविक, प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के लिए सहायक कृषि अधिकारी पिन्टू लाल मीना को AIASA राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 हरित पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित जैविक एवं प्राकृतिक चावल उत्पादन प्रणाली पर 5वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन एवं पुरस्कार समारोह में पिन्टू लाल को यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मेलन का आयोजन ऑल इंडिया एग्रीकल्चरल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AIASA) ने किया था। समारोह में इटली, जापान, ब्राजील, फ्रांस, जर्मन, नेपाल, भारत सहित विभिन्न देशों के कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, विद्यार्थी एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद रहे। पिन्टू लाल कृषि विभाग में सहायक कृषि अधिकारी, गंगापुरसिटी के पद पर कार्यरत हैं। कृषि एवं बागवानी क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त मीना लंबे समय से किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाने और कृषि जागरूकता बढ़ाने के कार्य में सक्रिय हैं।