डूंगरपुर जिले में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के तहत कल 7 पंचायत समितियों की 119 और जिला परिषद की 20 सीटों सहित कुल 139 सीटों पर मतदान होगा। सुबह 7 बजे शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। इसके लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसबीपी कॉलेज में अंतिम प्रशिक्षण के बाद 596 पोलिंग पार्टियों को ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। पहले चरण में पंचायत समिति की सीटों पर 404 और जिला परिषद की सीटों पर 65 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल 5,21,601 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। जिले में 596 मतदान बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 108 को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन बूथों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए एसबीपी कॉलेज में निर्वाचन विभाग की ओर से पोलिंग पार्टियों का अंतिम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदान ने मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ मतदान करवाने पर जोर दिया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पोलिंग पार्टियों को ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री वितरित की गई। इसके बाद सभी टीमें अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गईं। 108 संवेदनशील-अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदान ने बताया कि प्रथम चरण के मतदान के लिए जिले में कुल 596 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 108 बूथों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील माना गया है। इन केंद्रों पर मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। अतिसंवेदनशील बूथों पर राइफलधारी जवान तैनात किए जाएंगे। साथ ही, इन केंद्रों पर वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 71 पुलिस मोबाइल दल और 71 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया पर निगरानी के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। जिले में 71 पुलिस मोबाइल दल और 71 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। निर्वाचन विभाग का प्रयास है कि मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो तथा मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।