भास्कर न्यूज| जैसलमेर राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित किए जा रहे विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत गुरुवार को जिले भर में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई। इसी क्रम में जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में सार्वजनिक स्थानों पर सरकारी योजनाओं, सुशासन और राष्ट्रीय प्रतीकों की थीम पर आधारित मनमोहक रंगोलियां सजाई गई। इन रंगोलियों के जरिए आमजन को सरकारी योजनाओं और नागरिक सुविधाओं की जानकारी रोचक व कलात्मक ढंग से दी गई, जो पूरे दिन लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। सार्वजनिक स्थलों पर बनाई गई रंगोलियों में स्वच्छ भारत का संदेश दिया। अंतिम छोर तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ अभियान का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और सहभागिता के साथ राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करना है। रंगोलियों के जरिए संदेश दिया गया कि अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सामूहिक दायित्व है। इस आयोजन में विभिन्न विभागों के कार्मिकों, स्थानीय संस्थाओं और आम नागरिकों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। जिससे विकसित भारत-विकसित राजस्थान की परिकल्पना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश प्रसारित हुआ।