बाजना से करणपुर माता मंदिर के लिए निकली पदयात्रा के दौरान बुधवार को एक हादसा हो गया। आशाकी वॉच टावर के पास तालाब में स्नान करते समय 13 साल का अभिषेक प्रजापति गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने उसे बाहर निकाला और तुरंत करणपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार बाजना निवासी श्रद्धालुओं का एक समूह करणपुर माता मंदिर में दर्शन के लिए पदयात्रा कर रहा था। पदयात्रा के दौरान अभिषेक प्रजापति पुत्र राजाराम प्रजापति आशाकी वॉच टावर के पास स्थित तालाब में नहाने गया था। स्नान करते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद साथी श्रद्धालुओं ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद बालक को तालाब से बाहर निकाला जा सका। हादसे के बाद श्रद्धालु अभिषेक को तुरंत करणपुर अस्पताल ले गए। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और बालक के परिजनों में दुख छा गया। अभिषेक प्रजापति सपोटरा क्षेत्र के बाजना गांव का रहने वाला था। इस हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तालाब में स्नान करते समय सावधानी बरतने की अपील की है।