बालोतरा जिले के समदड़ी ब्लॉक के मजल हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को 9 टीचरों के तबादले के बाद स्टूडेंट्स और अभिभावकों ने स्कूल गेट पर ताला लगाकर धरना दिया। स्टूडेंट्स लेक्चरर और टीचर लगाने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्चों व अभिभावकों से समझाइश की। करीब 3 घंटे बाद डेपुटेशन पर 3 टीचर लगाने और मांगें उच्चाधिकारियों तक भेजने के बाद धरना समाप्त हुआ। 9 टीचरों के तबादले से बिगड़ी शिक्षण व्यवस्था मामला बालोतरा जिले के समदड़ी ब्लॉक की गर्वमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल मजल का है। बीते दिनों ट्रांसफर खुलने के बाद लेक्चरर और सेकेंड ग्रेड टीचरों के तबादले हुए थे। इसमें स्कूल के 9 टीचरों को अन्य जगह ट्रांसफर कर दिया गया। इस दौरान स्कूल में 2 टीचर आए भी थे, लेकिन पहले से टीचरों की कमी और 9 टीचरों के तबादले के बाद स्कूल की पूरी शिक्षण व्यवस्था बिगड़ गई। स्टूडेंट्स और अभिभावकों ने स्कूल पर लगाया ताला शिक्षकों की कमी से आक्रोशित स्टूडेंट्स और अभिभावक सोमवार को स्कूल पहुंचे। उन्होंने स्कूल के गेट पर ताला लगा दिया और बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्कूल में आर्ट्स, साइंस और एग्रीकल्चर की फैकल्टी है। स्टूडेंट्स का कहना था कि स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्तर तक है, लेकिन यहां पढ़ाने वाले लेक्चरर्स का तबादला कर दिया गया है। स्टूडेंट्स बोले- बिना लेक्चरर पढ़ाई कैसे होगी स्टूडेंट्स ने कहा कि जब स्कूल में लेक्चरर ही नहीं हैं तो पढ़ाई कैसे होगी। सेकेंड ग्रेड टीचर किस तरह लेक्चरर का काम कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि बिना टीचरों के पढ़ना होता तो वे घर पर ही पढ़ लेते। स्टूडेंट्स ने कहा कि किताबें उन्हें दी हुई हैं और वे घर पर पढ़ सकते हैं। ऐसे में स्कूल का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि उन्हें अच्छे नंबर लाने हैं, इसके लिए टीचरों की जरूरत है। स्टूडेंट्स ने कहा कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए। 3 टीचर डेपुटेशन पर लगाने के बाद खत्म हुआ धरना सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्टूडेंट्स और अभिभावकों से समझाइश की। करीब 3 घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद 3 टीचरों को डेपुटेशन पर लगाया गया। एसीबीईओ उमराव सिंह चारण ने बताया कि जानकारी मिलने पर वे मौके पर गए थे। वहां बच्चों और अभिभावकों से समझाइश की गई। डेपुटेशन पर 3 टीचर लगाए गए हैं। वहीं, स्टूडेंट्स और अभिभावकों की मांगों को उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। समझाइश के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।