बालोतरा जिला मुख्यालय पर सोमवार को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित इस रैली में बालोतरा ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों के 1200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इनके अतिरिक्त, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, दिव्यांगजन, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में अन्य प्रतिभागी भी शामिल हुए। कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को सामूहिक मतदान की शपथ भी दिलाई। कलेक्ट्रेट परिसर में स्वीप गतिविधि के तहत आकर्षक रंगोली बनाई गई थी, जिसने मतदान के महत्व और मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। मतदान को लेकर किया जागरूक रैली में शामिल छात्र-छात्राओं के हाथों में मतदाता जागरूकता से संबंधित तख्तियां और बैनर थे। उन्होंने "मतदान जरूर करें" और "मेरा वोट, मेरा अधिकार" जैसे नारों के साथ आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए न्यू बस स्टैंड पर समाप्त हुई। 1200 स्टूडेंट्स ने लिया हिस्सा लगभग 1200 छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में नागरिकों से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का आह्वान किया। रास्तेभर विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने नारों और संदेशों के माध्यम से आमजन से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। इस जागरूकता रैली में दिव्यांगजनों की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। दिव्यांग प्रतिभागियों ने स्कूटी पर सवार होकर उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। उनकी भागीदारी ने यह संदेश दिया कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है और मतदान का अधिकार प्रयोग करना सभी की जिम्मेदारी है। स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित इस रैली ने बालोतरा शहर में मतदान के महत्व को उजागर किया। इसका उद्देश्य आगामी नगर निकाय चुनाव में आमजन को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करना था।