जिले के उदयपुर रोड़ पर बनाए नए कोर्ट परिसर में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर वकीलों में रोष व्याप्त है। गुरुवार को वकीलों ने नए कोर्ट परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं का कहना है कि नए भवन का उद्घाटन हुए लगभग एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन अभी तक वकीलों और उनके क्लाइंट के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। ​वकीलों के बैठने की व्यवस्था नहीं वकीलों का कहना है कि कोर्ट परिसर में न तो अधिवक्ताओं के बैठने की कोई जगह है और न ही वे अपनी जरूरी फाइलें सुरक्षित रख पा रहे हैं। शेड के नीचे भी किसी प्रकार की बैठने की व्यवस्था, पंखे, या रोशनी का इंतजाम नहीं है। बारिश के मौसम में वकीलों को अपनी फाइलें संभालने और खड़े होने तक में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी कोर्ट में रोजाना आने वाले वादकारियों (लिटिगेंट्स) और महिला वकीलों और क्लाइंट्स के लिए भी परिसरों में शौचालय या यूरिनल की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। जिससे दूर-दराज से आने वाले आमजन को खासी असुविधा होती है। प्रदर्शन के दौरान वकीलों की कोर कमेटी ने सेशन न्यायाधीश से मुलाकात कर अपनी तमाम समस्याओं से अवगत कराया। इस पर न्यायाधीश ने प्रशासनिक स्तर पर चर्चा कर जल्द ही उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। वकीलों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे। ​इस प्रदर्शन के दौरान बीसीआर मेंबर सतीश खांडल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय अधिवक्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।