बांसवाड़ा जिले में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंताजनक मामला सामने आया है। बांसवाड़ा-रतलाम मार्ग के 5 नम्बर क्षेत्र के पास हाईवे पर बीती रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से करीब 2 से 3 साल की एक मादा लेपर्ड की मौत हो गई थी। राहगीरों ने हाईवे किनारे एक मादा लेपर्ड को मृत अवस्था में पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वन विभाग को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वन विभाग के अमले ने मृत वन्यजीव को अपने कब्जे में लेकर बांसवाड़ा नर्सरी परिसर पहुंचाया। ​मेडिकल बोर्ड से हुआ पोस्टमार्टम मंगलवार को बांसवाड़ा पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. शेखर भुट्टे और अन्य पशु चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड द्वारा मृत मादा लेपर्ड का पोस्टमार्टम किया गया। पशु चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि लेपर्ड की उम्र करीब 2 से 3 साल है और अंदेशा जताया जा रहा है कि टक्कर के बाद उसकी मौत हो गई है, लेपर्ड के सिर के दाहिने तरफ गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जो वाहन की टक्कर की पुष्टि करते हैं। उसके दांत और सभी नाखून पूरी तरह सुरक्षित और सही सलामत पाए गए। ​राजस्व, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग नर्सरी परिसर में ही लकड़ी की चिता सजाई गई। इसके बाद पशुचिकित्सक दल, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा कर्मचारियों की उपस्थिति में मृत मादा लेपर्ड के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ अग्नि को समर्पित कर विधिवत दाह संस्कार किया गया। इस दौरान मौके पर वन विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।