बांसवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाया जा रहा है। इसी के तहत आमली फला जगपुरा में बाड़े में उगाई गई गांजे की अवैध खेती पकड़ी गई। कार्रवाई एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन, एएसपी नरपत सिंह के सुपरविजन एवं वृत्ताधिकारी घाटोल देवेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में डीएसटी टीम और मोटागांव थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश देकर की। पुलिस ने ​आमली फला (जगपुरा) में बाड़े में उगाए गए गांजे के 165 हरे पौधे, कुल वजन 16.080 किलोग्राम जब्त किए। ​कार्रवाई के दौरान कमला उर्फ कमल(65) पुत्र अमरा बरगोट को गिरफ्तार किया।​ ​जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सूचना मिली थी कि आमली फला, लाखापाड़ा जगपुरा क्षेत्र में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। इस सूचना पर डीएसटी टीम बांसवाड़ा और मोटागांव थानाधिकारी देवीलाल मीणा मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। कमला उर्फ कमल के घर के पास बने बाड़े की तलाशी लेने पर वहां अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 165 हरे पौधे पाए गए। मौके पर तोल करने पर इनका कुल वजन 16.080 किलोग्राम निकला। पुलिस ने पौधों को जब्त कर आरोपी को मौके से दबोच लिया। ​एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज इस मामले में पुलिस थाना मोटागांव पर प्रकरण संख्या एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच थानाधिकारी घाटोल मिट्ठूलाल द्वारा की जा रही है। थानाधिकारी देवीलाल मीणा, ASI महिपाल सिंह, करण सिंह, कांस्टेबल दीपक कुमार, सुरेंद्र सिंह और चालक तेजपाल सिंह व DST प्रभारी SI राम सिंह गुर्जर, हेड कांस्टेबल पृथ्वीपाल सिंह और कांस्टेबल जगपाल सिंह शामिल रहें।