बारां में जिला आयुर्वेद विभाग चिकित्सक संघ के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से पूरे हुए। इसमें डॉ. हेमराज सेन को दोबारा अध्यक्ष चुना गया। चुनाव प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मस्तराम महंत और चुनाव पर्यवेक्षक सुरेश चंद शर्मा की मौजूदगी में हुए। जयपुर से आए प्रदेश पदाधिकारियों की निगरानी में कुल 58 वोट डाले गए। अध्यक्ष पद के लिए डॉ. हेमराज सेन और डॉ. राकेश मीणा के बीच सीधा मुकाबला था। डॉ. हेमराज सेन को 37 वोट मिले, जबकि डॉ. राकेश मीणा को 21 वोट मिले। डॉ. सेन 16 वोटों के अंतर से जीत गए। महासचिव पद पर डॉ. अजय नागर को बनाया गया। डॉ. मुकेश नागर, डॉ. कुलदीप मीणा और डॉ. जुगल मीणा प्रांतीय सदस्य चुने गए। चुनाव के बाद सभी नए पदाधिकारियों को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मस्तराम महंत और चुनाव पर्यवेक्षक सुरेश चंद शर्मा ने शपथ दिलाई और निर्वाचन पत्र दिए।