बारां की दीगोद जागीर में तालाब निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने काम की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मौके पर ही निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मिट्टी मिली रेत का इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही सरिए की मात्रा भी तय मानकों के हिसाब से नहीं लगाई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायत कर रहे थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे जेईएन और कनिष्ठ अभियंता को ग्रामीणों ने घेरा। ग्रामीणों ने अधिकारियों पर खराब गुणवत्ता को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए उनसे सवाल किए। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य को तुरंत बंद किया जाए और ठेकेदार का ठेका रद्द किया जाए। उन्होंने जिला कलेक्टर से भी इस मामले में उचित कार्रवाई कर अच्छी गुणवत्ता वाला निर्माण सुनिश्चित कराने की अपील की है।