बारां के स्थानीय खेल मैदान पर जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता (अंडर-14 और अंडर-16 बालक-बालिका वर्ग) शुरू हुई। इसमें छोटे खिलाड़ियों ने जोश के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष रामहेत मीणा ने किया। संघ की सचिव नौरिन पठान ने अध्यक्षता की। मंच का संचालन शराफत पठान ने किया, जबकि कई स्कूलों के शारीरिक शिक्षक खास मेहमान के तौर पर मौजूद थे। संघ के कोषाध्यक्ष इमरान पठान और उपाध्यक्ष आफताब ने मेहमानों का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। प्रतियोगिता में 60 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक जैसी स्पर्धाएं हुईं। ट्रैक और फील्ड पर खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हैदराबाद में होने वाली नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक मीट के लिए चुना जाएगा।