धौलपुर में नगर परिषद चुनाव की चुनावी रंजिश अब मारपीट तक पहुंच गई है। बुधवार सुबह उपसभापति रेखा कोली और भाजपा प्रत्याशी प्रियंका के समर्थकों के बीच लाठी-डंडे चले। इसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। विवाद एक वोट से उपसभापति चुनी गईं रेखा कोली और भाजपा प्रत्याशी प्रियंका के समर्थकों के बीच हुआ। चुनावी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपसभापति के परिजन भी पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल में भी उपसभापति पक्ष के लोगों ने भाजपा प्रत्याशी पक्ष के लोगों की लाठी डंडों से बेरहमी से मारपीट कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इधर, उपसभापति रेखा कोली अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचीं। एसपी से मुलाकात के बाद उपसभापति के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि उपसभापति पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों के साथ अस्पताल में लाठी-डंडों से मारपीट की। अस्पताल में हुई मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों ने उपसभापति पक्ष पर गुंडागर्दी करने और अस्पताल में मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद मामला और तूल पकड़ गया है। कोतवाली थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।