बारां जिले में बुवाई के सीजन में खाद का संकट गहरा गया है। किसानों को डीएपी खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। बारां के अटरू रोड स्थित मार्केटिंग सोसायटी पर सुबह से ही किसानों की भीड़ लग जाती है। आसपास और दूर के गांवों से किसान 5 कट्टे डीएपी लेने के लिए लाइन में खड़े होने को मजबूर हैं। किसानों का इंतजार सुबह से शुरू होकर दोपहर तक चलता है। बढ़ती भीड़ और तेज धूप के कारण किसान परेशान हो रहे हैं। लाइन में महिलाएं घर के काम छोड़कर आई हैं, तो कई बुजुर्ग थककर जमीन पर बैठ गए हैं। कुछ महिलाओं की गोद में छोटे बच्चे हैं, तो कुछ गर्मी से बचने के लिए रूमाल से हवा कर रही हैं। दिन बढ़ने के साथ भीड़ और बढ़ जाती है, जिससे अव्यवस्था फैल जाती है। खाद लेने के लिए किसानों के बीच धक्का-मुक्की भी हो रही है। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पुलिस को तैनात किया गया है। किसानों का कहना है कि घंटों इंतजार के बाद भी खाद मुश्किल से मिल पा रही है। बुवाई का समय निकल रहा है और खाद नहीं मिलने से फसल खराब होने का डर है।