बारां शहर के मनिहारा तालाब में शुक्रवार रात को गणेश विसर्जन के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सिविल डिफेंस और पुलिस टीम ने करीब दो घंटे की कोशिश के बाद रात दस बजे शव को तालाब से बाहर निकाला। मृतक की पहचान शानू कश्यप के रूप में हुई है। वह ग्रिड कॉलोनी, मनिहारा का रहने वाला था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मनिहारा तालाब पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के समय काफी भीड़ थी। इसी दौरान शानू गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर दी। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। अंधेरा होने के कारण शव ढूंढने में परेशानी हुई। दो घंटे बाद शव तालाब से मिला। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा।