बारां जिले में पंचायतीराज चुनाव के लिए आरक्षण की प्रक्रिया गुरुवार को पूरी हुई। जिला प्रशासन ने 280 ग्राम पंचायतों के लिए सरपंच पद का आरक्षण जारी कर दिया। इस बार जिले की लगभग आधी पंचायतों में महिला नेतृत्व देखने को मिलेगा। कुल 280 में से 137 ग्राम पंचायतें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। आरक्षण सूची जारी होते ही गांवों की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कई ग्राम पंचायतों में चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। लंबे समय से सरपंची का सपना देख रहे कई दावेदारों के सपने टूट गए हैं, वहीं आरक्षित वर्ग के नए चेहरे अब मैदान में आ गए हैं। सरपंच पद के आरक्षण की घोषणा के साथ ही चुनावी प्रचार ने रफ्तार पकड़ ली है। सरपंच बनने का ख्वाब देख रहे नेता अब सोशल मीडिया का खूब उपयोग कर रहे हैं। फेसबुक और व्हाट्सऐप पर AI से बनी फोटो और पोस्टरों की बाढ़ आ गई है। अपनी-अपनी पंचायत के विकास के बड़े-बड़े वादे सोशल मीडिया के जरिए किए जा रहे हैं। आरक्षण की अंतिम सूची के बाद गांव-गांव में चर्चाएं तेज हो गई हैं।