बारां में सदर थाना पुलिस ने 4 साल से फरार स्थायी वारंटी बुद्धराज मोग्या को गिरफ्तार किया है। कलमंडा निवासी बुद्धराज को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया। पुलिस टीम ने खराब मौसम और रात के अंधेरे में आरोपी के घर की निगरानी की। पुलिस को देखते ही वह खेतों की तरफ भाग निकला। पुलिस ने करीब 3 किलोमीटर पीछा कर उसे दबोच लिया। पकड़े जाने पर आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए गलत नाम बताया। राजकोप एप पर फोटो मिलान से उसकी पहचान बुद्धराज मोग्या के रूप में हुई। वह लगातार ठिकाने बदल रहा था और मजदूरी के लिए राजस्थान से बाहर चला जाता था। बुद्धराज के खिलाफ सीसवाली थाने में मारपीट और कोतवाली बारां में पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी थे। इस कार्रवाई में थानाधिकारी नवल किशोर मीणा, हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार और कॉन्स्टेबल अशोक और मुकेश कुमार शामिल थे।