बारां कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक चोर को गिरफ्तार किया, जबकि गिरोह के दो बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कबाड़ी के गोदाम से चोरी की 11 बाइक भी बरामद की हैं। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि आरोपी बारां शहर और आसपास से बाइक चोरी कर कबाड़ियों को बहुत कम दाम पर बेच देते थे। आरोपियों के बताने पर पुलिस ने मांगरोल रोड स्थित कबाड़ी शकील के गोदाम पर छापा मारा। पुलिस ने कबाड़ी शकील को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह कार्रवाई एसपी अभिषेक अंदासु के निर्देश पर एएसपी सौरभ तिवाड़ी और वृत्ताधिकारी रोहिताश देवांदा की देखरेख में थानाधिकारी हीरालाल पुनिया के नेतृत्व में हुई। पुलिस का कहना है कि बरामद सभी बाइकों के मालिकों की तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों से और भी चोरी की वारदातें खुलने की आशंका है।