बाड़मेर में आपसी लेनदेन के विवाद को लेकर दो युवकों पर जानलेवा हमला और फायरिंग करने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को पुलिस ने 7 दिन में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के डर से आरोपी अलग-अलग जगहों पर भागते रहे। पुलिस ने जैसलमेर, शिव, बाटाडू, भीमड़ा, बायतु, बालोतरा और जोधपुर तक उनका पीछा किया और गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से हथियार और स्कार्पियो बरामद करने का प्रयास कर रही है। रावतसर में होटल पर की थी फायरिंग पुलिस को 1 सितंबर को सूचना मिली थी कि बाड़मेर सदर थाना क्षेत्र के रावतसर गांव में लेनदेन के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए बाड़मेर और बालोतरा में नाकाबंदी करवाई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि कलेश उर्फ अंग्रेज, सांवलाराम और अन्य लोग स्कार्पियो में सवार होकर रावतसर गांव की एक चाय की होटल पर पहुंचे थे। आरोपियों ने होटल पर बैठे युवक पर जानलेवा हमला किया और दनादन फायरिंग कर दी। इससे वहां डर का माहौल बन गया। पीड़ित ने होटल की दीवारों की आड़ लेकर अपनी जान बचाई। रिपोर्ट के आधार पर सदर थाने में मामला दर्ज किया गया। एएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई एसपी चूनाराम जाट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई। इन टीमों को एएसपी नीतिश आर्य और डीएसपी बुद्धाराम विश्नोई की निगरानी में लगाया गया। सदर थानाधिकारी देवीचंद ढाका और डीएसटी के नेतृत्व में भी टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। हिस्ट्रीशीटर पर करीब एक दर्जन मामले पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कमलेश उर्फ अंग्रेज, बायतु थाने के हिस्ट्रीशीटर कौशलाराम लेघा के साथ मिलकर ड्रग्स की तस्करी करता है। पुलिस के अनुसार, कमलेश के खिलाफ लूट, मारपीट, मादक पदार्थों की तस्करी, हथियारों की तस्करी, छेड़छाड़, वाहन चोरी और लड़ाई-झगड़े के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि कमलेश उर्फ अंग्रेज पिछले 7-8 साल से अपराध कर रहा है। तस्करी के लिए युवकों को गैंग में शामिल करने का आरोप पुलिस जांच में सामने आया कि कमलेश उर्फ अंग्रेज और कौशलाराम मिलकर ड्रग्स तस्करी के लिए नए युवकों को तैयार करते थे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान सांवलाराम पुत्र खेताराम निवासी टाकूबेरी, सिणधरी को भी अपनी गैंग में शामिल किया गया। उसे मेवाड़ से डोडा-पोस्त लाने के लिए ले जाया जाने लगा। पुलिस के मुताबिक, सांवलाराम के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थों की तस्करी के मामले दर्ज हैं। रुपए के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद पुलिस जांच के अनुसार, शिकायतकर्ता और आरोपी सांवलाराम के बीच रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद सांवलाराम अपने साथी कमलेश उर्फ अंग्रेज के साथ रावतसर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, दोनों परिवार से रुपए ऐंठने के इरादे से होटल पहुंचे। वहां शिकायतकर्ता पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की गई। शिकायतकर्ता ने होटल की दीवारों की आड़ लेकर खुद को बचाया। सात जगहों से होते हुए भागे आरोपी फायरिंग के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए नाकाबंदी करवाई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जैसलमेर, शिव, बाटाडू, भीमड़ा, बायतु, बालोतरा और जोधपुर की तरफ भागते रहे। सदर थाना पुलिस की टीम को आरोपियों के बारे में सूचना मिली। इसके बाद टीम ने पीछा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और स्कार्पियो बरामद करने का प्रयास कर रही है। इससे संबंधित खबरें पढ़े… गाड़ी के रुपए लेन-देन को लेकर हिस्ट्रीशीटर ने की फायरिंग:8-10 राउंड फायर किए, युवकों ने छुपकर बचाई जान; 3 महीने पहले जेल से बाहर आया था