बाड़मेर नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति गौतम जैन (बॉबी) और उपसभापति कन्या देवी (काकी) ने गुरुवार शाम को पदभार ग्रहण कर लिया। दोनों को आयुक्त विवेक व्यास ने पदभार ग्रहण करवाया। सभापति गौतम बॉबी ने कहा- नगर परिषद को घाटे से उभारने के लिए नए-नए रेवन्यू सोर्स पैदा करेंगे। सरकार से फंड लाकर विकास के काम करवाएंगे। 200 दिन में बाड़मेर शहर नए रूप में दिखेगा। आज मैंने नहीं, भाजपा ने पदभार संभाला है। बीजेपी को मिला प्रचंड बहुमत बाड़मेर नगर निकाय में बीजेपी को मिले प्रचंड बहुमत के बाद जुलूस निकाला गया था। गुरुवार को सभापति ओर उपसभापति ने शाम 6 बजे नगर परिषद पहुंचकर काम संभाला। बीजेपी नेताओं, पार्षदों ने माला और साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। सभापति गौतम बॉबी ने कहा- पार्षदों ने मुझे पदभार ग्रहण करवाया है। दीपावली से पहले शहर में नाली, रोड़, सड़कों के पेचवर्क का कार्य करवाना है। बाड़मेर शहर को स्वच्छ बनाना है। राजस्थान सरकार फंड लेकर आएंगे। पूरे शहर का कायाकल्प कर देंगे। हमारे नगर परिषद की जो भी प्रॉपर्टी से हमारी आवक हो सकती है उससे रेवन्यू बढ़ाएंगे। जल्द ही नगर परिषद में स्थानीय आयुक्त आ जाएगा। उन्होंने कहा- बाड़मेर शहर में कचरे के ढेर लेगे हुए हैं। 15 साल से यही हालात हैं। इसको सबसे पहले हटाना है। डंपिग की व्यवस्था करके सुधार लाएंगे। स्वच्छता को लेकर नया मास्टर प्लान बनाएंगे। जल्द ही बाड़मेर में काफी नई चीजें देखने को मिलेंगी।