बाड़मेर नगर परिषद सभापति पद के लिए अब भाजपा से गौतम जैन ‘बॉबी’ और कांग्रेस से जयमलसिंह मैदान में हैं। निर्दलीय मधुलता ने आज(शुक्रवार) को नामांकन वापस ले लिया। 21 सितंबर को वोटिंग होगी। हालांकि यहां भाजपा से गौतम बॉबी के सभापति बनने की पूरी संभावना है। इससे पहले बुधवार को सभापति पद के लिए भाजपा से गौतम बॉबी, गंगाविशन अग्रवाल, सुनील सिंघवी ने पर्चा भरा था। वहीं कांग्रेस से जयमलसिंह, मधुलता ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। वहीं मधुलता ने एक निर्दलीय भी नॉमिनेशन दाखिल किया था। गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। इसके बाद भाजपा से गंगाविशन, सुनील सिंघवी के नामांकन निर्दलीय में कन्वर्ट हो गए। गुरुवार शाम होते-होते गंगाविशन और सुनील सिंघवी ने फॉर्म वापस ले लिए। जबकि शुक्रवार को निर्दलीय मधुलता ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद चुनावी मैदान में भाजपा से गौतम बॉबी और कांग्रेस से जयमलसिंह में सीधी टक्कर होगी, जिसमें जीत गौतम बॉबी की लगभग तय मानी जा रही है। बीजेपी के रूप सिंह निर्विरोध निर्वाचित; SDM ने सर्टिफिकेट दिया चौहटन नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी से रूपसिंह राठौड़ और निर्दलीय ईसाराम दहिया ने नामांकन दाखिल किया था। शुक्रवार को ईसाराम दहिया ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही रूप सिंह राठौड़ नगर पालिका अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हो गए। उनके सामने अब कोई प्रत्याशी नहीं है। एसडीएम अनिल कुमार जैन ने रूपसिंह राठौड़ को प्रमाण-पत्र सौंप दिया।