बाड़मेर में पंचायत चुनाव के नामांकन के दूसरे दिन जिला परिषद और पंचायत समिति के लिए कुल 4 नामांकन पत्र जमा हुए। जिला परिषद के वार्ड 36 से एक उम्मीदवार ने पर्चा भरा, जबकि बायतु पंचायत समिति में 2 उम्मीदवारों ने 3 नामांकन किए। शनिवार और रविवार को छुट्टी के कारण नामांकन दाखिल नहीं होंगे। अब 13 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तारीख है। पहले चरण का मतदान 22 अक्टूबर को होगा। जिला परिषद के 37 वार्डों में एक नामांकन जिला परिषद के वार्ड संख्या 36 से दुर्जनसिंह अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और एडीएम रविंद्र कुमार को नामांकन पत्र सौंपा। जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल ने बताया - जिला परिषद के कुल 37 निर्वाचन क्षेत्रों में से दूसरे दिन केवल वार्ड 36 से नामांकन मिला। बाकी 36 वार्डों में कोई नामांकन नहीं आया। 10 पंचायत समितियों की 160 सीटों पर नामांकन बाड़मेर जिले में 37 जिला परिषद सदस्यों और पहले चरण की 10 पंचायत समितियों के 160 सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हुई थी। पहले दिन एक भी फॉर्म जमा नहीं हुआ। दूसरे दिन बायतु पंचायत समिति में 2 उम्मीदवारों ने 3 नामांकन पत्र और मांगता पंचायत समिति में एक नामांकन पत्र दाखिल हुआ। बायतु, आड़ेल, फागलिया, मांगता, सेड़वा और लीलसर में 15-15 वार्ड हैं। गडरारोड, रामसर और धनाऊ में 17-17 और चौहटन में 19 वार्ड हैं। इन पंचायत समितियों के नामांकन 13 अक्टूबर तक जमा किए जा सकेंगे। दूसरे चरण में 7 पंचायत समितियों के 111 सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 14 अक्टूबर को जांच, 15 को नाम वापसी नामांकन पत्रों की जांच 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी। उम्मीदवार 15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। बाड़मेर जिले में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण की वोटिंग 22 अक्टूबर और दूसरे चरण की 28 अक्टूबर को होगी। सभी चुनावों के नतीजे 20 नवंबर को एक साथ आएंगे।