बाड़मेर में वेदांता ऑयल एंड गैस के मंगला टर्मिनल (MPT) के निकट मंगलकुंज में गुरुवार रात को अभिनय गुरुकुल कल्चरल एजुकेशन सोसाइटी के कलाकारों ने नाटक ‘संक्रमण’ का मंचन किया गया। इसके जरिए एक परिवार के अंदर बदले रिश्तों को प्रस्तुत किया गया है। कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शकों की तालियों, ठहाकों और नम आंखों के बीच संपन्न हुई। इस अवसर पर वेदांता ऑयल एंड गैस के वरिष्ठ अधिकारी, कार्मिक और उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन का केंद्रीय संदेश था- “वेलनेस का सहज आधार है रंगमंच।” नाटक के माध्यम से एक परिवार के भीतर बदलते रिश्तों, पीढ़ियों के वैचारिक टकराव और भावनात्मक संघर्ष को संवेदनशील एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। एक परिवार के तीन सदस्यों की भूमिका में अभिनय पिता की भूमिका में वरिष्ठ रंगकर्मी भवानी सिंह चौहान, माता की भूमिका में स्वाति व्यास तथा पुत्र की भूमिका में राजेश विश्नोई ने अभिनय किया। तीनों कलाकारों ने पिता-पुत्र के वैचारिक द्वंद्व और मां-पुत्र के भावनात्मक संबंधों को मंच पर जीवंत कर दिया। संवाद, अभिनय और मंचीय अभिव्यक्ति के जरिए दर्शकों को पारिवारिक रिश्तों की जटिलताओं से रूबरू कराया गया। संवेदना का सुंदर समन्वय देखने को मिला मंच के पार्श्व में संगीत पक्ष तनुज टाक ने संभाला, जबकि मंच व्यवस्था आदित्य व्यास के निर्देशन में रही। नाटक का निर्देशन एनएसडी एलुमिनाई अरु व्यास ने किया। उनके निर्देशन में कथ्य, अभिनय और मंचीय संवेदना का सुंदर समन्वय देखने को मिला। प्रस्तुति ने दर्शकों को केवल मनोरंजन ही नहीं दिया, बल्कि परिवार और बदलते सामाजिक मूल्यों पर आत्ममंथन का अवसर भी प्रदान किया। मंचन के पश्चात दर्शकों ने खड़े होकर कलाकारों का अभिवादन किया।