मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा दल ने ब्यावर शहर में शुक्रवार रात दुकानों का निरीक्षण किया। कॉलेज रोड स्थित गणेश जयदेव कंपनी में खाद्य तेल के स्टॉक की जांच की गई। यहां कमल ब्रांड कच्ची घानी सरसों तेल का 795 लीटर और पार्वती पोस्टन प्लस मूंगफली तेल का 89 लीटर स्टॉक मिला। यह स्टॉक तय सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों के हिसाब से नहीं था। इस पर खाद्य सुरक्षा दल ने कुल 884 लीटर खाद्य तेल जब्त कर लिया। दल ने दोनों तेलों के सैंपल भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि तेल की क्वालिटी पर आखिरी फैसला लैब रिपोर्ट आने के बाद होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी विक्रम बेड़ा और कुलदीप सिंह चौधरी मौजूद थे।