भरतपुर शहर में बनने वाले एलिवेटेड रोड और ओवरब्रिज प्रोजेक्ट के रास्ते में आ रहे अवैध निर्माणों पर रविवार को भरतपुर नगर निगम ने कार्रवाई की। निगम ने हीरादास चौराहे से कुम्हेर गेट तक सड़क मार्ग में बाधक बनी दुकानों और मकानों के अतिक्रमणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। 4 महीने पहले जारी किए गए थे नोटिस नगर निगम के सचिव विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण, एलिवेटेड रोड और ओवरब्रिज निर्माण के लिए प्रस्तावित मार्ग पर आ रहे निर्माणों को हटाने के लिए प्रभावितों को करीब चार महीने पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे। नोटिस मिलने के बाद लगभग 90 प्रतिशत लोगों ने जिम्मेदारी समझते हुए अपने स्तर पर ही अतिक्रमण हटा लिए थे। हालांकि, कुछ लोगों ने तय समय सीमा के बाद भी निर्माण खुद से नहीं हटाए थे, जिस पर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। यातायात के लिए सड़क चौड़ीकरण जरूरी सचिव ने बताया कि हीरादास चौराहे से कुम्हेर गेट तक का यह मुख्य मार्ग अक्सर जाम की समस्या से जूझता है। शहरवासियों को यातायात के दबाव से राहत दिलाने के लिए यहां एलिवेटेड रोड, ओवरब्रिज और सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है।