नाली बनाने के विवाद में दो पक्षों में पथराव हो गया। घटना का वीडियो सामने आया है। एक परिवार के लोग सरकारी जमीन पर पानी निकासी के लिए नाली बना रहे थे। इस बीच गांव के कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। घटना में एक गर्भवती महिला सहित 4 लोग घायल हो गए। घटना भरतपुर के रुदावल थाना इलाके के गांव भवनपुरा में सोमवार दोपहर हुई। भवनपुरा गांव निवासी कैलाशी कुमार ने रुदावल थाने में FIR दर्ज कराई। उसने बताया- सोमवार सुबह मैं हमारे पड़ोसियों भानु और प्रवीण के साथ मिलकर घर के सामने सरकारी जमीन पर नाली बना रहे थे। वहां पर पहले से नाली थी। तभी दूसरे पड़ोसी केदार, जगदीश, बत्तू और उनके परिजन लाठी डंडे और धारदार हथियार लेकर वहां पहुंच गए। आते ही गाली गलौज की कैलाशी ने बताया- सभी ने आती ही मेरे, भानु और प्रवीण के साथ गाली-गलौज शुरू कर दिया। आरोपी मेरे घर में घुस गए। सभी ने मिलकर मेरे परिवार को पीटा। मारपीट में मेरे परिवार के अंकित, पुखराज, सुजान, उदयसिंह और सुमन को चोटें आईं। हमलावरों ने अंकित की कनपटी पर देसी कट्टा लगा दिया। गर्भवती महिला सुमन के पेट पर लाठी से हमला किया। घर में तोड़फोड़ कर करीब 50 हजार रुपए के सामान का नुकसान कर दिया। हमलावरों से बचने के लिए परिवार के सदस्य छत पर चले गए। मारपीट के बाद जमीन पर किया हमला हमलावरों ने मेरे घर पर पथराव भी किया। जब हम घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे तो पीछे से मेरी, भानु और प्रवीण की जमीन पर कब्ज़ा कर लिया। अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।