भरतपुर के बयाना से कांग्रेस विधायक ऋतु बनावत रूपवास PWD कार्यालय में ग्रामीणों के साथ 7 घंटे से धरने पर हैं। ग्रामीण जटमासी से रूपवास के बीच सड़क नहीं बनने से आक्रोशित हैं। वे सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं और घटिया काम करने वाली फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की मांग कर रहे हैं। धरना दे रहे लोग मौके पर ही भोजन का प्रबंध करने लगे। इस दौरान विधायक सब्जी काटने में मदद करती दिखीं। धरने में शामिल स्थानीय निवासी पारस चौधरी ने बताया- जटमासी से रूपवास की दूरी 17 किलोमीटर है। PWD विभाग ने सड़क बनाने का टेंडर कमल बिल्डर्स को दिया था। सड़क को 16 अगस्त 2025 से 15 जून 2026 तक 11 करोड़ 44 हजार रुपए की लागत से बनाया जाना था। विभाग ने ठेकेदार को टेंडर तो दे दिया लेकिन ठेकेदार ने काम शुरू ही नहीं किया। ग्रामीण गड्ढों में गिरकर हो रहे घायल पारस चौधरी ने बताया- पूरी सड़क पर गड्‌ढे हैं। इनमें रोजाना वाहन फंस रहे हैं। कई बार दुपहिया चलाने वाले सवार गिरकर घायल हो चुके हैं। मंगलवार को भी कुछ वाहन इन गड्‌ढों में फंस गए थे। जिन्हें क्रेन की मदद से निकालना पड़ा । जटमासी गांव के नाराज ग्रामीण मंगलवार को रूपवास पहुंचे और SDM ऑफिस से PWD कार्यालय तक रैली निकाली। रैली में बयाना विधायक ऋतु बनावत भी शामिल हुईं। PWD कार्यालय में ग्रामीण और विधायक ने धरना दिया। ग्रामीणों ने कमल बिल्डर्स को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की। साथ ही दूसरी कंपनी को टेंडर देकर जल्द से जल्द सड़क बनाने की मांग रखी। धरना स्थल पर विधायक ने काटी सब्जियां विधायक ऋतु बनावत ने कहा- जब तक कंपनी के ब्लैक लिस्ट का आर्डर हमारे हाथ में नहीं आ जाता, तब तक हम धरना ख़त्म नहीं करेंगे। धरने के दौरान ग्रामीणों ने धरना स्थल पर ही खाना बनाना शुरू कर दिया। इस दौरान विधायक ने सब्जियां काटने में मदद की।