पत्नी के पीहर से नहीं आने के गम में युवक ने सुसाइड कर लिया। परिजनों का दावा है कि पत्नी से फोन पर बात करते समय दोनों की कहासुनी हो गई, जिसके बाद युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया और इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना भीलवाड़ा के बड़लियास कस्बे की है, जहां शनिवार को हनुमान जी मंदिर के पास स्थित माताजी के चबूतरे पर राजू (37), पुत्र रोडू रैगर का शव मिला था। सूचना मिलते ही बड़लियास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। शुक्रवार शाम से लापता था बड़लियास थाने के हेड कॉन्स्टेबल सावल दान ने बताया कि मृतक राजू (37), पुत्र रोडू रैगर बड़लियास का रहने वाला था। मृतक के भाई नारायण रैगर ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, राजू शुक्रवार शाम से ही घर से लापता था। शनिवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे चंवरा के हनुमान जी के पास माताजी के चबूतरे पर बेहोश हालत में पड़े देखा, इसके बाद उसे तुरंत हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। पत्नी के जाने से परेशान था रिपोर्ट में नारायण रैगर ने बताया कि मृतक राजू की पत्नी पिछले कुछ दिनों से अपने पीहर गई हुई थी। शुक्रवार को राजू की अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद से राजू मानसिक तनाव में आ गया और घर से निकल गया। परिजनों का मानना है कि पत्नी के ससुराल न आने और फोन पर हुई बहस के कारण राजू डिप्रेशन में चला गया था, आशंका है कि इसी कारण उसने सुसाइड कर लिया। राजू के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। पुलिस कर रही है मामले की जांच बड़लियास थाना पुलिस ने कोटड़ी हॉस्पिटल की मोर्च्युरी में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्रेडिट इनपुट : कैलाश व्यास बड़लियास