भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा के चार मंडलों का कार्यकर्ता सम्मेलन मंगलवार शाम भाजपा कार्यालय में हुआ। सुभाष, शास्त्री, गणेश और प्रताप मंडल के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी इसमें शामिल हुए। सम्मेलन में निगम के 70 वार्डों में अब तक हुई तैयारियों और चुनाव में भाजपा का बोर्ड बनाने की रणनीति पर मंथन किया गया। विधायक कोठारी नहीं आए भाजपा जिला संगठन की ओर से पैनल में अशोक कोठारी का नाम शामिल किए जाने के बाद भी विधायक कोठारी सम्मेलन में नहीं आए। उनकी टीम के चार चेहरेपूर्व यूआईटी चेयरमैन लक्ष्मीनारायण डाड, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली, पूर्व नगर अध्यक्ष कन्हैयालाल स्वर्णकार और पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भगवान सिंह शामिल रहे। कमल का फूल कार्यकर्ता की पहचान बने कार्यक्रम के मुख्य वक्ता देवजी पटेल ने कहा कि यह कार्यकर्ता का चुनाव है। कार्यकर्ता चुनाव लड़े और संगठन चुनाव लड़ाए। कार्यकर्ता जहां भी जाए, वहां कमल का फूल उसकी पहचान बने। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा का मेयर बनाने और भीलवाड़ा की जनता की सेवा करने का आह्वान किया। ट्रिपल इंजन की सरकार बनानी है अजमेर संभाग चुनाव सह प्रभारी कुणाल पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में विकास की गंगा बह रही है और देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनाकर विकास में सहयोग करना है। मिशन 70- कमल खिलाना लक्ष्य भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि पार्टी ने मिशन-70 के तहत सभी वार्डों में कमल खिलाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन में जिस उत्साह से आए हैं, चुनाव के दौरान भी यही जोश और उत्साह बनाए रखें और सभी 70 वार्डों में भाजपा को जीत दिलाएं। चुनाव प्रभारी वीरमदेव ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि 70 वार्डों में पार्टी का कमल खिलेगा और कांग्रेस भीलवाड़ा से आउट हो जाएगी। उन्होंने टिकट नहीं मिलने वाले दावेदारों से निराश नहीं होने की अपील की। सभी को पार्टी के प्रति समर्पित रहना है सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि उन्हें भी 50 साल तक टिकट नहीं मिला, लेकिन वे लगातार पार्टी के प्रति समर्पित रहे। उन्होंने बताया कि इस बार 1000 से ज्यादा आवेदन आए हैं। टिकट 70 लोगों को मिलेगा, लेकिन बाकी 930 दावेदारों को भी पार्टी के प्रति समर्पित रहना होगा। विट्ठल शंकर अवस्थी ने कहा कि पार्टी जीताऊ और टिकाऊ कार्यकर्ता को टिकट देगी। सभी को मौका नहीं मिलेगा, लेकिन हर कार्यकर्ता को पार्टी के प्रति वफादारी निभानी है। 70 वार्डों के दावेदार समर्थकों के साथ पहुंचे नगर निकाय चुनाव में टिकट की दावेदारी कर रहे 70 वार्डों के उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे। किसी दावेदार के साथ ढोल-नगाड़ों की टोली थी तो कहीं समर्थक अपने नेता के पक्ष में नारे लगाते नजर आए। दावेदारों की भीड़ और शक्ति प्रदर्शन से साफ दिखा कि इस बार भाजपा में टिकट की जंग आसान नहीं रहने वाली है। एक ओर पुराने और अनुभवी कार्यकर्ता टिकट की दौड़ में हैं, वहीं दूसरी तरफ नए चेहरे भी पूरी ताकत के साथ अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। ऐसे में 70 वार्डों के लिए टिकट तय करना पार्टी के लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। ये रहे मंचासीन सम्मेलन में पूर्व सभापति अनिल बल्दवा, सूरज पेंटर, भाजपा जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी, अविनाश जीनगर, कन्हेयालाल जाट, सुभाष मंडल अध्यक्ष रितु शेखर शर्मा, शास्त्री मंडल अध्यक्ष रमेश खोईवाल, गणेश मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी और प्रताप मंडल अध्यक्ष नागेंद्र सिंह राव मंचासीन रहे।