भीलवाड़ा नगर निकाय चुनाव के लिए राजनीतिक हलचल तेज हो चुकी है। प्रत्याशियों के चयन को लेकर दोनों प्रमुख दलों के साथ-साथ तीसरा मोर्चा और निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी-अपनी ताल ठोकने के लिए पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर चुके हैं। भाजपा का प्रदेश नेतृत्व लगातार प्रत्याशी चयन को लेकर वार्ड वाइज मीटिंग कर दावेदारों की सूची मांग रहा है। वहीं कांग्रेस में भी डिजिटल रूप से क्यूआर कोड स्कैन कर कार्यकर्ता अपने-अपने नामांकन प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेज रहे हैं। यहां से ये लिस्ट जिला कांग्रेस कमेटी के पास पहुंचेगी और उसके बाद पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर फाइनल प्रत्याशी तय किए जाएंगे। अब तक 70 वार्ड के लिए 260 आवेदन रायशुमारी के बाद प्रत्याशी चयन इनके द्वारा लगभग सभी वार्डों में दौरा कर इच्छुक उम्मीदवारों के साथ ही वार्ड के कार्यकर्ताओं और वोटरों से भी रायशुमारी कर प्रत्याशी चयन पर विचार-विमर्श का दौर जारी है। जिला लेवल पर गठित पर्यवेक्षक और वार्ड अध्यक्षों की रिपोर्ट के बाद प्रदेश स्तर से पर्यवेक्षक मंगलवार तक भीलवाड़ा पहुंचेंगे और उसके बाद पार्षदों की सूची चयन को अंतिम रूप दिया जाएगा। महिलाओं को मिलेंगे 33% से ज्यादा टिकट चुनावी प्रक्रिया के बारे में शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष जीपी खटीक ने बताया कि इस बार कांग्रेस कमेटी का फोकस युवाओं और महिलाओं पर ज्यादा रहेगा। प्रदेश कांग्रेस के नेतृत्व के अनुसार नगर निकाय के 70 वार्डों में युवाओं को मौका दिया जाएगा साथ ही महिलाओं को 33% आरक्षण से भी ज्यादा वार्डों में प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतारा जाएगा। प्रत्याशी चयन के फोर लेयर अरेंजमेंट्स पार्षद चयन में किसी प्रकार की कोई लापरवाही ना हो इसके लिए फोर लेयर अरेंजमेंट किया गया है। जो भी प्रत्याशी अपने वार्ड से दावेदारी करना चाहता है उसे बार कोड के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म सबमिट करना होगा। जिसमें प्रत्याशी के नाम, पते, पुराने दायित्वों और जन कल्याण के कार्यों का ब्यौरा सहित पुलिस वेरीफिकेशन की जानकारी मुख्य रूप से ली जाएगी। जिताऊ और टिकाऊ होगा उम्मीदवार उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी के द्वारा आपराधिक छवि के व्यक्तियों को टिकट नहीं दिए जाएंगे। प्रत्याशी चयन में ऐसे व्यक्तियों का ध्यान रखा जाएगा जो वार्ड के लिए परिचित चेहरा हो, जो जिताऊ हो, और टिकाऊ हो। कांग्रेस अपनी पूरी ताकत नगर निकाय चुनाव में झोंक देगी। साथ ही पार्टी सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को साथ में लेकर उनसे रायशुमारी के बाद ही प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी। मतभेद और मनभेद बुलवाकर प्रत्याशी चयन इसके लिए देहात कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामलाल जाट से भी वार्ता की गई है और उन्हें भी अपनी राय देने के लिए आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही पूर्व सभापति और विधायक प्रत्याशी ओम नराणीवाल से भी निकाय चुनाव को लेकर चर्चा की गई है। आपसी मतभेद और मनभेद को भुलाकर जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवार का चयन किया जाएगा और भीलवाड़ा में कांग्रेस का बोर्ड बनाया जाएगा। कांग्रेस से संभावित महापौर कौन होगा इस पर जिलाध्यक्ष का कहना है कि शिक्षित समझदार और युवा चेहरे को पार्टी इस बार महापौर के लिए अवसर दे सकती है। फिलहाल हमारा फोकस 70 ही वार्डों में कांग्रेस के हाथ को मजबूत करना है।