भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुरकुरे नमकीन के एक्सपायरी डेट के 1000 पैकेट फिंकवा दिए। इसके अलावा 400 लीटर तेल और 30 किलो मिर्च पाउडर भी एक्सपायरी डेट का मिला जिसे नष्ट करा दिया गया।टीम ने कुछ प्रोडक्ट के सैंपल लेकर अजमेर प्रयोगशाला भिजवाए हैं। रिपोर्ट आने के बाद फर्म के खिलाफ लीगल कार्रवाई की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा की अगुवाई में शहर और गुलाबपुरा में खाद्य सुरक्षा विभाग की दो टीमों ने कार्रवाई की। 100 फीट रोड पर 1000 पैकेट कुरकुरे-नमकीन नष्ट करवाए टीम ने भीलवाड़ा के 100 फीट रोड स्थित अरिहंत सेल्स एंड एंटरप्राइजेज पर कार्रवाई की। इस दौरान कुरकुरे और बालाजी नमकीन के 1000 पैकेट अवधिपार (एक्सपायरी डेट) पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसके साथ ही हरिहर एजेंसी से चायपत्ती के ब्रांड ताजमहल और गोपाल रतलामी नमकीन के सैंपल लिए गए। कार्रवाई के दौरान सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, अशोक कुमार यादव, विजय मेहता एवं संजय वर्मा मौजूद रहे। 400 लीटर एक्सपायरी तेल और 30 किलो मिर्च पाउडर नष्ट करवाया खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने गुलाबपुरा में कार्रवाई करते हुए नायता किराणा स्टोर से 400 लीटर एक्सपायरी खाद्य तेल और 30 किलो मिलावटी मिर्च पाउडर नष्ट करवाया। इसके अलावा हल्दी और कृष्णा डेयरी घी के सैंपल भी लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा और अंकित शर्मा मौजूद रहे। अजमेर प्रयोगशाला में होगी सैंपल की जांच सीएमएचओ शर्मा ने बताया- विभाग की ओर से दोनों जगह से लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला में भिजवाए जाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट और एक्सपायरी सामग्री की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चिकित्सा विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। कंट्रोल रूम पर दें सूचना सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने कहा- आमजन से अपील करते हैं कि खाने-पीने की कोई भी चीज खरीदते वक्त उस पर अंकित मैन्यूफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट जरूर चेक कर लें। एक्सपायरी डेट की खाद्य पदार्थों की बिक्री पर जिला स्तरीय कंन्ट्रोल रूम पर 01482-232643 पर सूचना दे सकते हैं।